जबलपुर में सेना की भर्ती न आने से युवक हुए परेशान, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, पुश-अप लगा कर जताया विरोध
पिछले कई सालों से जबलपुर से सेना की कोई भर्ती आयोजित नहीं की जा रही है, जिससे जबलपुर से जुड़े रीवा, सतना, सिंगरौली, अनुपुर, नरसिंगपुर, बालाघाट, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला से जुड़े सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय से सेना की भर्ती का इंतजार कर रहे सैकड़ो युवाओ का गुस्सा फूट पड़ा.
कलेक्ट्रेट में किया विरोध
युवाओं ने रैली निकाली और कलेक्ट्रेट में जमकर विरोध जताया. बुधवार को रीवा जिला और उसके आस पास के इलाकों से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक सेना भर्ती की मांग को लेकर शहर में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट कार्यालय ज्ञापन सौंपने पहुंचे. भारी भीड़ को देखते हुए कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया गया. ये युवा जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने की जिद पर अड़े हुए थे, जिसके बाद इन सभी ने गेट के पास पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और परिसर में भी जमकर हंगामा किया. हंगामे को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी पहुँच गया. इन्हें समझाने की काफी कोशिश की गयी, लेकिन ये अपनी जिद पर अड़े हुए थे.
तहसीलदार ने लिया ज्ञापन
इस दौरान हंगामा लगातार जारी रहा. काफी मशकत के बाद तहसीलदार द्वारा इनका ज्ञापन लिया गया और इन्हें समझाकर वापस भेजा गया. ये युवा पिछले 2 सालों से सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती नहीं हो रही है. इन युवकों का कहना था कि भर्ती के इंतजार में कई युवा ओवर एज भी हो गए हैं, ऐसे में युवा आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर हो रहे हैं. जबलपुर के अंतर्गत होने वाली सेना में भर्ती में कई जिले के लगभग 20 लाख युवा किस्मत आजमाते हैं. प्रशासन ने युवाओ का मांग पत्र लेकर शासन को भेजने का भरोसा दिलाया है.

कोई टिप्पणी नहीं