Breaking News

मध्य प्रदेश: कपल ने बच्चों का गला काटा फिर की खुदकुशी की कोशिश, सुसाइड नोट में आर्थिक परेशानी का जिक्र


मध्य प्रदेश के भोपाल में एक कपल ने अपनी बेटी और बेटे की हत्या के बाद सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि यह कपल आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था और इसी आर्थिक परेशानी से तंग आकर उसने ऐसा कदम उठाया। घटना भोपाल के मिसरोद की है। मिसरोद थाने के एसएचओ निरंजन शर्मा ने मीडिया को जानकारी दी है कि युवक और उसके बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि पत्नी और बेटी को इलाज के लए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि युवक ने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और वो पिछले तीन महीने से बेरोजगार थे। युवक और उनकी पत्नी ने आत्महत्या करने के बारे में सोचा था। इसके बाद दोनों ने मिलकर अपने 16 साल के बेटे और 14 साल की बेटी का गला काट दिया। पुलिस के मुताबिक गला काटने के लिए इस कपल ने फ्लोर-टाइल्स कटर मशीन का इस्तेमाल उस वक्त किया जब शुक्रवार की देर रात दोनों गहरी नींद में थे। इसके बाद दोनों ने आत्महत्या करने की कोशिश की थी। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस सुसाइड नोट में इस कपल ने अपनी आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया है।

कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 56 साल के रवि ठाकरे अपने परिवार के साथ मल्टी सहारा इस्टेट में रहते थे। तड़के जब बच्चे सो रहे थे, तभी रवि ने अपनी 50 साल की पत्नी रंजना के साथ मिलकर अपने बच्चों का गला काट दिया और फिर खुद जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटनाक्रम में रवि ठाकरे और उनके बेटे चिराग की मौके पर मौत हो गयी, जबकि पत्नी और बेटी को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। घटना का कारण आर्थिक तंगी बताया जा रहा है। पुलिस ने पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं