आईपीएस राकेश अस्थाना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाला, सीबीआई में रहते हुए थे चर्चित
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के गुजरात कैडर के वरिष्ठ अधिकारी राकेश अस्थाना ने बुधवार को दिल्ली के पुलिस आयुक्त का पदभार संभाल लिया। मध्य दिल्ली के जय सिंह मार्ग पर स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर अस्थाना को पुलिस बल ने रस्मी गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मंगलवार को गृह मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक के रूप में कार्यरत अस्थाना को तत्काल प्रभाव से दिल्ली पुलिस आयुक्त बनाया था।
आईपीएस बनने से पहले टीचर थे
दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर के तौर पर नियुक्त आईपीएस राकेश अस्थाना ने बिहार के चर्चित चारा घोटाले में राजद नेता लालू यादव से पूछताछ करने वाले अफसर के रूप में पहचान बनाई थी। गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी अस्थाना तब महज 35 साल के थे।
झारखंड के नेतरहाट स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाले अस्थाना ने गोधरा कांड की भी जांच की थी। इसे सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित एसआईटी ने भी सही माना था। अहमदाबाद में 26 जुलाई, 2008 को हुए बम ब्लास्ट की जांच का जिम्मा भी राकेश को ही दिया गया था। महज 22 दिनों में ही ये केस सुलझ लिया गया था।
1961 में रांची में जन्मे राकेश ने दिल्ली के जवाहर लाल यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज में इतिहास पढ़ाना शुरू किया। 1984 में उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास कर ली और आईपीएस अधिकारी बन गए।

कोई टिप्पणी नहीं