वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए युवराज सिंह ने दिया सुझाव, कहा- मौजूदा फॉर्मेट से होगा भारत को नुकसान
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच साउथैम्पटन में खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले का तमाम क्रिकेट फैन्स को बेसब्री से इंतजार है। न्यूजीलैंड की टीम अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए इस समय इंग्लैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। वहीं, तीन दिन के कड़े क्वारंटाइन के बाद टीम इंडिया ने भी अपनी प्रैक्टिस शुरू कर दी है। भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह डब्ल्यूटीसी के विजेता को तय करने के लिए महज एक टेस्ट मैच के फॉर्मेट से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा है कि इससे भारतीय टीम को फाइनल में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
युवराज सिंह ने कहा कि भारत का बल्लेबाजी क्रम केन विलियमसन की अगुआई वाली न्यूजीलैंड की टीम की तुलना में मजबूत है। उन्होंने कहा, 'मेरा मानना है कि भारतीय टीम मजबूत है क्योंकि पिछले कुछ समय में हमने देश के बाहर जीत दर्ज की है। मुझे लगता है कि हमारी बल्लेबाजी मजबूत है और गेंदबाजी में हम उनके बराबर हैं। रोहित शर्मा अब टेस्ट मैचों में काफी अनुभवी है। उनके नाम सात शतक हैं और इनमें से चार उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में बनाए हैं। लेकिन, रोहित और शुभमन गिल दोनों ने इससे पहले इंग्लैंड में कभी पारी का आगाज नहीं किया है। वह चुनाती से वाकिफ हैं, ड्यूक्स गेंद शुरुआत में स्विंग करती है। उन्हें हालात से जल्दी सामंजस्य बैठाना होगा।'
युवराज ने कहा कि इंग्लैंड में जरूरी है कि बल्लेबाज हर सेशन पर ध्यान दे। उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड में यह महत्वपूर्ण है कि आप एक बार में एक सेशन पर ध्यान दें। सुबह गेंद स्विंग और सीम करती है और दोपहर में आप रन बना सकते हो, चाय के आराम के बाद गेंद फिर स्विंग करती है। एक बल्लेबाज के रूप में अगर आप इन चीजों से सामंजस्य बैठा लो तो आप सफल हो सकते हो।' युवराज चाहते हैं कि शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के बाद इंग्लैंड में भी अपना जलवा दिखाए। उन्होंने कहा, 'शुभमन काफी युवा हैं, अभी अनुभवहीन हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में सफलता से उनका आत्मविश्वास बढ़ना चाहिए। इसलिए अगर वह आत्मविश्वास के साथ उतरते हैं तो दुनिया में कहीं भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।'

कोई टिप्पणी नहीं